शिक्षण संवर्धन कार्यक्रम कक्षावार उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश से चयनित 11 विद्यार्थी और 11 शालाओं को मिला सम्मान

राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल में हुआ सम्मान व पुरस्कार समारोह का आयोजन 

5 जून 2026। प्रदेश की शालाओं में शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन के लिए संचालित शिक्षण संवर्धन कार्यक्रम Learning Enhancement Program (LEP) के तहत उत्‍कष्‍ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शालाओं को राज्‍य स्‍तर पर सम्मानित करने के लिए शुक्रवार को सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। राज्‍य शिक्षा केन्‍द्र में आयोजित समारोह में कक्षावार उत्‍कृष्‍ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के चयनित 11 विद्यार्थियों व 11 शालाओं को संचालक राज्य शिक्षा केंद्र हरजिंदर सिंह, अपर मिशन संचालक समग्र शिक्षा श्रीमती नंदा भलावी कुशरे और कार्यक्रम क्रियान्‍वयन संस्‍था न्‍यासा की प्रमुख डॉ. सुषमा सिंह द्वारा पुरस्कृत और सम्‍मानित किया गया। 

12 लाख विद्यार्थियों की सहभागिता

उल्‍लेखनीय है कि, प्रदेश में स्‍कूल शिक्षा विभाग के द्वारा शिक्षण संवर्धन कार्यक्रम Learning Enhancement Program (LEP) का संचालन सहयोगी संस्‍था एडसिल इंडिया लिमिटेड के सहयोग से कि विगत वर्ष 3 जुलाई 2025 से प्रारंभ किया गया था। जिसका उद्देश्य कक्षा 6 से 8 तथा 9 से 12 तक के शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को सुदृढ़ करना था। LEP के अंतर्गत राज्य के सभी जिलों के लगभग 12 लाख से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए थे।  विद्यार्थियों एवं विद्यालयों का चयन जिला-वार कवरेज, विद्यालयों के प्रकार तथा बालक–बालिका अनुपात आदि मानकों को ध्यान में रखते हुए किया गया। बेसलाइन एवं एंडलाइन मूल्यांकन के माध्यम से विद्यार्थियों के अधिगम स्तर का वैज्ञानिक आकलन एवं प्रगति मापन सुनिश्चित किया गया। 

9 हजार 5 सौ से अधिक स्‍कूलों के लगभग 12 लाख विद्यार्थियों का बेसलाइन मूल्‍यांकन

शिक्षण संवर्धन कार्यक्रम में कक्षा 6वीं से 8वीं की 5,020 चयनित शालाओं के 5,99,143 विद्यार्थियों और कक्षा 9वीं से 12वीं की 4,528 चयनित शालाओं के 6,00,000 विद्यार्थियों का बेसलाइन मूल्यांकन कराया गया।

शिक्षकों को एआई के उपयोग का प्रशिक्षण

वहीं शिक्षकों के लिए विषयगत ज्ञान एवं शिक्षण-कौशल उन्नयन के लि‍ए AI (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) पर ऑफलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 6वीं से 8वीं के कुल 10,026 तथा कक्षा 9वीं से 12वीं के कुल 8,475 शिक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कार्यशालाओं और एक्‍सपोजर विजिट के आयोजन

विद्यार्थियों की अध्‍ययनशीलता को बढावा देने के लिए कई तरह के ऑनलाइन सेमिनार और वर्कशॉप आयोजित किए गए। साथ ही, बच्चों की पढ़ाई में आए गैप (कमी) को दूर करने के लिए कमजोर छात्रों को सिखाने वाली विशेष सामग्री (किताबें/नोट्स) तैयार कर वितरीत की गई। मूल्यांकन परिणामों के आधार पर चयनित विद्यार्थियों के लि‍ए भ्रमण एवं एक्सपोज़र विज़िट का आयोजन कर खुद देखकर या करके सीखने के अवसर उपलब्‍ध कराये गए। इस कार्यक्रम से आधारभूत एवं विषयगत दक्षताओं के सुदृढ़ीकरण, प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा बेहतर कक्षा अध्‍यापन, छात्र सहभागिता एवं अधिगम प्रेरणा में वृद्धि के साथ ही तकनीक आधारित शैक्षणिक मॉनिटरिंग व्यवस्था में लाभ होगा।

कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण

समारोह के दौरान प्रदेश में संचालित शिक्षण संवर्धन कार्यक्रम Learning Enhancement Program (LEP) की विभिन्‍न गतिविधियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर विभाग के अपर संचालक डॉ. अरूण सिंह, उप संचालक डॉ. महेश जैन, सहायक संचालक सुश्री साक्षी जैन और सहयोगी संस्‍था एडसिल इंडिया लिमिटेड के श्री अमित कुमार, श्री शिवम प्रसाद सहि‍त प्रदेश के विभिन्‍न अंचलों से पधारे शिक्षक, चयनित विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थि‍त रहे। 

राज्य स्तर पर सम्मानित होने वाले विद्यार्थी

रंजना जाटव, माध्यमिक शाला पचोखरा, जिला मुरैना, आलिया बाजपेयी, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या अहिल्या आश्रम क्रमांक-1, जिला इंदौर, आशीष शिल्पकार, माध्यमिक शाला नवीन शाहपुर, बेगमगंज, जिला रायसेन, सोनाक्षी गोलकर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओंकारेश्वर जिला खंडवा,  सेजल साहू, शासकीय उच्च विद्यालय कुंजहुंकला  जिला सीधी, गौरव बंशकार, (कला संकाय), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उत्कृष्ट टीकमगढ़  जिला टीकमगढ़, शुभम दाबी, (वाणिज्य संकाय), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एक्सीलेंस देपालपुर, जिला इंदौर, काजल जासवाल, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या, हिनौती जिला सीधी, विमलेश कुंवर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेडावन जिला उज्जैन, प्रिंस सिंह, कक्षा 12 (वाणिज्य संकाय), शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खानौधी  जिला शहडोल, साध्वी देवी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बचाई जिला नरसिंहपुर 

राज्य स्तर पर सम्मान प्राप्त करने वाली शालाएं

हाई स्कूल मंगोला, विकासखंड बटियागढ़, जिला दमोह, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या अहिल्या आश्रम क्रमांक-1, इंदौर अर्बन-2, जिला इंदौर,  माध्यमिक शाला गोई (कक्षा 1 से 8), विकासखंड सेंधवा, जिला बड़वानी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनोरा (कक्षा 9 से 12), विकासखंड ग्यारसपुर, जिला विदिशा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ागांव, विकासखंड टीकमगढ़, जिला टीकमगढ़, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डांगा (कक्षा 1 से 12), विकासखंड मझौली, जिला सीधी, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एक्सीलेंस एन.वी.एम. क्रमांक-2, देवास (कक्षा 9 से 12), जिला देवास, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमरिया, जिला डिंडोरी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेडावन (कक्षा 1 से 12), विकासखंड खाचरोद, जिला उज्जैन, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुरानाखेड़ी, इंदौर ग्रामीण, जिला इंदौर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या घुवारा (कक्षा 9 से 12), विकासखंड बड़ामलहरा, जिला छतरपुर

Comments